झारखण्ड/पलामू। अंबेडकर पार्क स्थित गीता भवन के प्रांगण में श्री श्री भोले मंदिर का तीन दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भगवान भोलेनाथ के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय बना रहा।
महोत्सव की शुरुआत 10 अगस्त को भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा के साथ हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला। कलश यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
11 अगस्त को श्री भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान शिव की नई शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की गई। स्थानीय पुजारी श्री कृष्णानंद पाठक एवं श्री उमा पाण्डेय के द्वारा धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य यजमान लल्ला सिंह रहे।
वहीं, 12 अगस्त को वैदिक हवन, पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। अंबेडकर पार्क स्थित गीता भवन के प्रांगण में आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पांच दशक पुराना है मंदिर
आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि श्री श्री भोले मंदिर करीब पांच दशक पुराना है। बीच में शिवलिंग खंडित हो जाने के कारण मंदिर में नई शिवलिंग स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद विधि-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ नई शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा कर उसे पुनः प्रतिष्ठित किया गया।
नई शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान डाल्टनगंज मेन बाजार स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर के पुजारी श्री कृष्णानंद त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं धार्मिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया गया।
तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय माहौल कायम कर दिया। आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।