महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

स्वतंत्रता दिवस की तैयारी पूरी, पुलिस लाइन स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

Ranjeet kumar gupta
प्रकाशित: 13-08-2026, 12:17 PM
स्वतंत्रता दिवस की तैयारी पूरी, पुलिस लाइन स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह
डीसी व एसपी ने परेड पूर्वाभ्यास का किया निरीक्षण, राष्ट्रध्वज को दी सलामी; जवानों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शेयर करें:

झारखण्ड/पलामू। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पलामू जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी 15 अगस्त 2026 को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रातः 9 बजे मुख्य ध्वजारोहण किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों द्वारा लगातार परेड का पूर्वाभ्यास किया जा रहा था। गुरुवार को परेड पूर्वाभ्यास का अंतिम चरण संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस लाइन स्टेडियम में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने संयुक्त रूप से परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया।

डीसी ने किया ध्वजारोहण, राष्ट्रध्वज को दी सलामी

परेड पूर्वाभ्यास के दौरान उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परेड की तैयारियों, जवानों के अनुशासन, मार्च पास्ट तथा समारोह की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीसी एवं एसपी ने मुख्य समारोह के दिन परेड को बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जवानों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने परेड के दौरान अनुशासन, तालमेल और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

समय पर उपस्थित रहने और एहतियात बरतने का निर्देश

उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दिन सभी संबंधित पदाधिकारियों, जवानों एवं कर्मियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने समारोह के दौरान सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी एहतियात बरतने को कहा।

जिला प्रशासन की ओर से समारोह स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। मुख्य समारोह में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।

पलामूवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पलामूवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिले के आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में अपने-अपने स्तर से भाग लें और राष्ट्रीय पर्व को उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाएं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को याद करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का भी अवसर है।

टैग्स: #Palamu News #Medininagar News #Daltonganj News #Palamu Independence Day #Independence Day 2026 #15 August 2026 #Palamu Police #Palamu Administration #Police Line Stadium #Dilip Pratap Singh Shekhawat #Kapil Chaudhary #Palamu DC #Palamu SP
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: