झारखण्ड/पलामू। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संत मरियम स्कूल में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तिरंगे से सजे विद्यालय परिसर में देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुति ‘वंदे मातरम्’ गीत से हुई। इसके बाद विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, ओजपूर्ण भाषण और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों एवं राष्ट्रनायकों को नमन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संदेश साफ दिखाई दिया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत हो गया।
समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने और नई जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा, “देश के भविष्य की नींव कक्षाओं में ही तैयार होती है।” आज के विद्यार्थी ही कल के भारत की तस्वीर गढ़ेंगे। शिक्षा का उद्देश्य केवल बेहतर भविष्य बनाना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और संस्कारवान नागरिक तैयार करना भी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने, अनुशासन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने और ज्ञान के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।
समारोह में विद्यालय के प्राचार्य कुमार आदर्श, उप प्राचार्य एस. बी. शाहा, छात्रावास अधीक्षक उत्कर्ष देव, एडवोकेट ओंकारनाथ तिवारी, प्रवीण दुबे समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।