सिंगर और 'बिग बॉस' के पूर्व कंटेस्टेंट जान कुमार सानू कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी। रविवार को उन्होंने अस्पताल से एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने खास अंदाज में फैंस को अपनी तबीयत के बारे में बताया।
मजाकिया अंदाज में दी बीमारी की जानकारी
वीडियो शेयर करते हुए जान कुमार सानू ने कैप्शन में लिखा, "चीन से आया मेरा दोस्त, कोविड को सलाम करो।" अस्पताल में भर्ती होने को लेकर भी उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, "फिट चेक... मेरे पसंदीदा डिजाइनर, कोकिलाबेन के कपड़े पहने हैं। किसलिए भर्ती हुआ? वुहान से आए कोविड के लिए।" उनके इस अंदाज ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा।
फैंस और सेलेब्स ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
जान की पोस्ट सामने आने के बाद फैंस और मनोरंजन जगत से जुड़े कई लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की। टीवी एंकर चारुल मलिक ने कमेंट करते हुए लिखा, "जल्द ठीक हो जाओ दोस्त, अपना ख्याल रखना।"
सेहत को लेकर नहीं दी ज्यादा जानकारी
मशहूर प्लेबैक सिंगर कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू ने फिलहाल अपनी स्वास्थ्य स्थिति या इलाज से जुड़ी कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की है।
आंध्र प्रदेश में भी सामने आ रहे हैं नए मामले
जान कुमार सानू के कोविड-19 संक्रमित होने की खबर ऐसे समय आई है, जब आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी कोरोना संक्रमण के नए मामले दर्ज किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, हाल के हफ्तों में वाईएसआर कडप्पा जिले में आठ सक्रिय मामले सामने आए हैं, जबकि संक्रमण के कारण दो मरीजों की इलाज के दौरान मौत हुई है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में
कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां करने और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।