झारखण्ड/पलामू। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य को लेकर सवाल उठाने से पहले विधायक आलोक चौरसिया को अपने 12 वर्षों के राजनीतिक कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।
बिट्टू पाठक ने कहा कि भाजपा ने केंद्र की सत्ता में आने से पहले हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में सरकारी विभागों के रिक्त पदों को नहीं भरा गया और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय सरकारी संस्थानों के निजीकरण को बढ़ावा दिया गया।
उन्होंने विधायक आलोक चौरसिया से सवाल किया कि भाजपा के लंबे शासनकाल में झारखंड के युवाओं के लिए कितने स्थायी रोजगार सृजित किए गए। कितनी सरकारी नियुक्तियां हुईं और सरकारी स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों को मजबूत करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए।
बाहरी नियुक्तियों को लेकर भी उठाया सवाल
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि रघुवर दास सरकार के दौरान शिक्षकों समेत कई पदों पर बाहरी राज्यों के लोगों की नियुक्ति हुई, जिससे झारखंड के युवाओं की उपेक्षा हुई। उन्होंने सवाल किया कि उस समय विधायक आलोक चौरसिया ने तत्कालीन सरकार की नीतियों का विरोध क्यों नहीं किया।
बिट्टू पाठक ने कहा कि युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर भाजपा नेताओं को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आज युवाओं के मुद्दे को लेकर राजनीति कर रही है, जबकि उसके शासनकाल में रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को अपेक्षित अवसर नहीं मिले।
नीट परीक्षा को लेकर भी साधा निशाना
बिट्टू पाठक ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जब देशभर में छात्र परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे थे, तब आलोक चौरसिया की ओर से छात्रों के समर्थन में कोई प्रभावी आवाज नहीं उठाई गई।
उन्होंने सवाल किया कि विधायक के रूप में अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में आलोक चौरसिया ने युवाओं के हित में कौन-कौन से ठोस कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि केवल बयान देने से युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि रोजगार, शिक्षा और पारदर्शी नियुक्ति के लिए ठोस पहल करनी होगी।
राहुल गांधी का किया जिक्र
कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं को सम्मानजनक रोजगार दिलाने के मुद्दे पर लगातार आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
भाजपा पर हमला बोलते हुए बिट्टू पाठक ने कहा कि जिस पार्टी पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने, सरकारी संस्थानों के निजीकरण को बढ़ावा देने और रोजगार के नाम पर चुनावी वादे करने के आरोप हैं, उसे आज छात्रों और युवाओं के भविष्य पर राजनीति करने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान शमीम अहमद राईन, विद्या सिंह चेरो, ईश्वर प्रसाद सिंह, गिरजा राम, अजय साहू, नाफिज खान, खुर्शीद आलम, सच्चिदानंद मिश्रा, देवांग शुक्ला, सौरभ पांडेय और पीयूष गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।