उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बड़ागांव थाना क्षेत्र में पारीछा पावर प्लांट के सामने तेज रफ्तार स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए।
प्रयागराज से विदिशा जा रही थी बस
पुलिस के अनुसार, स्लीपर बस प्रयागराज से मध्य प्रदेश के विदिशा जा रही थी। बड़ागांव थाना क्षेत्र में पारीछा पावर प्लांट के सामने सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में एक अन्य यात्री ने भी दम तोड़ दिया।
घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर सभी घायलों को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिजनों के फूल विसर्जन कर लौट रहे थे यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में सवार अधिकांश यात्री मध्य प्रदेश के निवासी थे। वे प्रयागराज में गंगा नदी में अपने परिजनों के फूल प्रवाहित करने के बाद विदिशा लौट रहे थे।
पुलिस जांच में जुटी
सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया कि हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं, जबकि दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।