ओटीटी का चर्चित रियलिटी शो 'लॉकअप: सच या सजा' लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। हर नए एपिसोड के साथ शो में ड्रामा, टास्क और रिश्तों के बदलते समीकरण दर्शकों को बांधे हुए हैं। पिछले सप्ताह प्रतियोगी श्रेष्टा अय्यर शो से बाहर हो गई थीं। वहीं अब इस हफ्ते एक और बड़ा एलिमिनेशन होने वाला है।
चार कंटेस्टेंट्स हुए नॉमिनेट
सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस सप्ताह चार कंटेस्टेंट्स एलिमिनेशन के लिए नॉमिनेट हुए हैं। विभिन्न एंटरटेनमेंट अपडेट्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के अनुसार, रियाज अली, वरुण यादव, राम कपूर और सुनीता आहूजा पर इस बार घर से बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि, शो के निर्माताओं की ओर से इस नॉमिनेशन लिस्ट की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।
रियाज अली पर लगातार दूसरा खतरा
रियाज अली पिछले सप्ताह भी नॉमिनेशन में शामिल थे। उस दौरान शो में मौजूद फराह खान, रितेश देशमुख और कंगना रनौत ने भी उन्हें फीडबैक दिया था कि वह शो में अपेक्षाकृत कम सक्रिय नजर आ रहे हैं। ऐसे में लगातार दूसरी बार नॉमिनेट होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।
राम कपूर और सुनीता आहूजा ने जताई थी घर जाने की इच्छा
शो में राम कपूर और सुनीता आहूजा पहले ही यह कह चुके हैं कि वे इस फॉर्मेट में सहज महसूस नहीं कर रहे हैं। दोनों ने दूसरे सप्ताह की शुरुआत में ही घर से बाहर जाने की इच्छा जाहिर की थी। अब दोनों का नाम नॉमिनेशन लिस्ट में आने से उनके बाहर होने की अटकलें और तेज हो गई हैं।
वरुण यादव को मिल रहा दर्शकों का समर्थन
दूसरी ओर, वरुण यादव को शो में उनके प्रदर्शन के लिए दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दर्शकों के वोट उन्हें सुरक्षित रख पाते हैं या नहीं।
कौन होगा इस हफ्ते बेघर?
अब सभी की नजर आने वाले वीकेंड एपिसोड पर टिकी है, जहां यह साफ होगा कि चारों नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट्स में से किसका सफर शो में आगे बढ़ेगा और किसे घर से बाहर होना पड़ेगा। एलिमिनेशन का अंतिम फैसला दर्शकों के वोट और शो के नियमों के अनुसार लिया जाएगा।