महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

भागलपुर के प्रसिद्ध काली मंदिर में बड़ी वारदात, प्रतिमा और 24 किलो चांदी के आभूषण चोरी

प्रकाशित: 13-07-2026, 10:45 AM
भागलपुर के प्रसिद्ध काली मंदिर में बड़ी वारदात, प्रतिमा और 24 किलो चांदी के आभूषण चोरी
शेयर करें:

भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर गांव के प्रसिद्ध काली मां मंदिर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर से मां काली की प्रतिमा और करीब 24 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रतिमा और चांदी के आभूषण हुए चोरी

मंदिर समिति के अनुसार चोरी गए सामान में करीब 11 किलो वजनी मां काली की प्रतिमा, 11 चांदी के झाप जिनका कुल वजन लगभग 8 किलो तथा दो चांदी के मुकुट शामिल हैं, जिनका वजन करीब 5 किलो बताया जा रहा है।

सुबह श्रद्धालुओं को हुई घटना की जानकारी

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तब पुजारी ने मंदिर का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाकर देखा तो मां काली की प्रतिमा और चांदी के आभूषण गायब थे। इसके बाद पूरे गांव में घटना की सूचना फैल गई।

सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की वारदात

मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में रात करीब 1:45 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति मंदिर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार पहले उसने मुख्य गेट का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर बालकनी के रास्ते मंदिर के अंदर घुस गया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।

सीएनजी ऑटो से आने की आशंका

पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी को भागते हुए देखा गया है। फुटेज में एक हरे रंग का सीएनजी ऑटो भी दिखाई दे रहा है। पुलिस को आशंका है कि चोर इसी वाहन से मौके पर पहुंचे थे।

जांच में जुटी पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद

घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अपर थाना अध्यक्ष नईम अहमद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईयू, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को जांच में लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

मंदिर में हुई चोरी की घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: