महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

हरदोई में सर्राफा व्यापारी लूटकांड का खुलासा, 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

प्रकाशित: 02-07-2026, 10:33 AM
हरदोई में सर्राफा व्यापारी लूटकांड का खुलासा, 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार
शेयर करें:

हरदोई पुलिस ने थाना कासिमपुर क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई स्वाट, सर्विलांस, एसओजी और थाना कासिमपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

सोने-चांदी के आभूषण और अवैध हथियार बरामद

पुलिस ने करलावा-गौसापुर के बीच नहर पटरी के पास से आमीन और दानिश को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 20.52 ग्राम सोने के आभूषण, 436.14 ग्राम चांदी के आभूषण, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट और चेसिस प्लेट के टुकड़े, दो अवैध तमंचे तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

17 जून को हुई थी सर्राफा व्यापारी से लूट

पुलिस के मुताबिक 17 जून 2026 को हसनापुर निवासी सर्राफा व्यापारी मोहम्मद नसीम दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जमकुनिया चौराहे से आगे रसलूपुर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उनका पीछा कर सोने-चांदी के आभूषणों और मोबाइल फोन से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद थाना कासिमपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे लूटे गए आभूषणों को बेचने की फिराक में थे। बरामद अवैध हथियारों के संबंध में दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।

पहले भी पांच आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि इस लूटकांड में इससे पहले 23 जून को पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। उस कार्रवाई में पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, एक कार, एक मोटरसाइकिल, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए थे। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

इनाम घोषित होने के बाद हुई गिरफ्तारी

फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पूरे गिरोह की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: