संजय दत्त और अरशद वारसी की सुपरहिट जोड़ी वाली 'मुन्ना भाई' फ्रेंचाइजी के तीसरे पार्ट का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। साल 2003 में रिलीज हुई 'मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.' और 2006 की 'लगे रहो मुन्ना भाई' की सफलता के बाद दर्शकों को उम्मीद थी कि जल्द ही तीसरा भाग भी आएगा। अब निर्देशक राजकुमार हिरानी और अभिनेता अरशद वारसी ने फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
राजकुमार हिरानी ने बताई सबसे बड़ी चुनौती
अपने अपकमिंग स्ट्रीमिंग प्रोजेक्ट 'प्रीतम एंड पेड्रो' के प्रमोशन के दौरान राजकुमार हिरानी ने कहा कि सबसे बड़ी चुनौती ऐसी कहानी ढूंढना है, जो पहली दो फिल्मों से भी बेहतर हो। उन्होंने कहा, "अगर सिर्फ इंटरवल तक की कहानी बनानी हो, तो मैं अभी पांच फिल्में बना सकता हूं। लेकिन उसके बाद की कहानी मेरे पास नहीं है।"
'सिर्फ पैसे कमाने के लिए फिल्म नहीं बनाऊंगा'
राजकुमार हिरानी ने साफ कहा कि वह सिर्फ बॉक्स ऑफिस कमाई के लिए 'मुन्ना भाई 3' नहीं बनाना चाहते। उन्होंने कहा, "अगर मेरा मकसद सिर्फ पैसे कमाना होता, तो अब तक चार-पांच पार्ट बना चुका होता। लेकिन मैं चाहता हूं कि नई फिल्म कम से कम पिछली फिल्मों जितनी अच्छी हो। यही वजह है कि मैं स्क्रिप्ट को लेकर समझौता नहीं कर सकता।"
अरशद वारसी ने भी दिया बड़ा अपडेट
'सर्किट' का किरदार निभाने वाले अरशद वारसी ने भी फिल्म को लेकर दिलचस्प जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि फिलहाल तीन अलग-अलग स्क्रिप्ट्स तैयार हैं और तीनों ही काफी दमदार हैं। अरशद ने कहा, "मैं मजाक नहीं कर रहा हूं। तीनों स्क्रिप्ट्स में शानदार आइडिया और बेहतरीन सीन्स हैं। लेकिन सभी में एक चीज कॉमन है—इनकी एंडिंग अभी पूरी तरह संतोषजनक नहीं है।"
एंडिंग की वजह से अटकी है फिल्म
अरशद वारसी के मुताबिक, फिल्म की सबसे बड़ी समस्या इसकी एंडिंग है। उनका मानना है कि जब तक कहानी का क्लाइमैक्स दर्शकों के दिल को नहीं छूता, तब तक फिल्म शुरू नहीं की जाएगी। 'मुन्ना भाई' फ्रेंचाइजी भारतीय सिनेमा की सबसे पसंदीदा फिल्मों में गिनी जाती है। ऐसे में फैंस अब भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि राजकुमार हिरानी जल्द ऐसी कहानी लेकर आएंगे, जो 'मुन्ना भाई 3' को पहले दोनों भागों की तरह यादगार बना सके।