महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

नलकूपों की कॉपर केबल पर चोरों का धावा, 30 से 35 किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित

प्रकाशित: 04-08-2026, 07:19 AM
नलकूपों की कॉपर केबल पर चोरों का धावा, 30 से 35 किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित
शेयर करें:

जलेसर तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला सुखदेव, नीमखेड़ा और आसपास के गांवों में चोरों ने देर रात कई किसानों के नलकूपों को निशाना बनाते हुए कॉपर की बिजली केबल काट ली। घटना के बाद किसानों में रोष है और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है।

30 से 35 नलकूपों की केबल चोरी होने का दावा

किसानों का आरोप है कि करीब 30 से 35 बिजली उपभोक्ताओं के नलकूपों से कॉपर केबल चोरी कर ली गई है। इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और खेतों की सिंचाई का काम बाधित हो गया है।

रात में बिजली न होने का उठाया फायदा

स्थानीय किसानों का कहना है कि रात के समय बिजली आपूर्ति बंद रहने का फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि रात में भी दो फेज में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

पुलिस से जल्द खुलासे की मांग

किसानों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की। उनका कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

घेराव की चेतावनी

किसान नेता सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस मोबाइल लोकेशन और सीडीआर जैसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान सकरौली थाने का घेराव करेंगे।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: