हरिद्वार: कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत और खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता की जांच की।
हरकी पैड़ी से बैरागी कैंप तक चला अभियान
खाद्य विभाग की टीम ने बैरागी कैंप, हरकी पैड़ी, गऊघाट और पार्किंग क्षेत्रों में ढाबों, रेस्टोरेंट और अस्थाई खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था को परखा गया।
35 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 9 सैंपल लिए
अभियान के दौरान कुल 35 खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के लिए खाद्य पदार्थों के 9 नमूने भी लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा गया है।
खराब और अस्वच्छ खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट
निरीक्षण के दौरान कई जगह खराब और अस्वच्छ खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। एक प्रतिष्ठान में लेबलिंग संबंधी जानकारी स्पष्ट नहीं होने पर 2 लीटर वाली कोल्ड ड्रिंक की चार बोतलें नष्ट कराई गईं।
4 किलो मसाले और 100 कुलचे-बंद किए नष्ट
अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे करीब 4 किलो मसाले भी टीम ने मौके पर नष्ट करवाए। वहीं, रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में एक खाद्य प्रतिष्ठान से खराब हो चुके करीब 100 कुलचे और बंद भी नष्ट कराए गए।
खाद्य कारोबारियों को दिए सख्त निर्देश
अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने और श्रद्धालुओं को केवल ताजा भोजन परोसने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।