बॉलीवुड की सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'धमाल' एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। करीब 19 साल पहले शुरू हुई इस लोकप्रिय सीरीज की चौथी फिल्म 'धमाल 4' 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की एडवांस बुकिंग 7 जुलाई की शाम से शुरू हो चुकी है और शुरुआती आंकड़े दर्शकों की अच्छी दिलचस्पी का संकेत दे रहे हैं।
एडवांस बुकिंग में अब तक कैसा रहा प्रदर्शन?
टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow पर फिल्म में 1.25 लाख से ज्यादा यूजर्स ने रुचि दिखाई है। वहीं Sacnilk के मुताबिक, गुरुवार सुबह तक देशभर में 7,589 शोज के लिए 43,907 टिकट बिक चुके हैं, जिससे फिल्म ने 1.12 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग की है। ब्लॉक सीटों को जोड़ने पर यह आंकड़ा करीब 3.30 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है।
इन शहरों में सबसे ज्यादा क्रेज
फिल्म की एडवांस बुकिंग में सबसे ज्यादा उत्साह दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में देखने को मिला है। इसके अलावा हैदराबाद, बेंगलुरु, जयपुर, पुणे, अहमदाबाद, कोलकाता, सूरत और चेन्नई जैसे शहरों में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
ब्लॉक सीटों सहित प्रमुख शहरों की एडवांस बुकिंग:
- दिल्ली-एनसीआर – ₹66.26 लाख
- मुंबई – ₹40.67 लाख
- हैदराबाद – ₹19.54 लाख
- बेंगलुरु – ₹11.48 लाख
- जयपुर – ₹9.75 लाख
- पुणे – ₹9.38 लाख
- अहमदाबाद – ₹9.28 लाख
- कोलकाता – ₹7.61 लाख
- सूरत – ₹6.52 लाख
- चेन्नई – ₹6.48 लाख
वर्ड ऑफ माउथ पर टिकी होंगी उम्मीदें
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की एडवांस बुकिंग ठीक-ठाक रही है, लेकिन इसकी असली परीक्षा रिलीज के बाद होगी। माना जा रहा है कि यदि दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है तो शाम और रात के शोज में ऑन-स्पॉट टिकट बुकिंग तेजी से बढ़ सकती है। हालांकि, कई राज्यों में मानसून और लगातार हो रही बारिश का असर बॉक्स ऑफिस पर देखने को मिल सकता है।
पहले दिन कितनी हो सकती है कमाई?
मौजूदा एडवांस बुकिंग और ट्रेंड को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि 'धमाल 4' पहले दिन 7 से 9 करोड़ रुपये के बीच नेट कलेक्शन कर सकती है। यदि फिल्म को अच्छा वर्ड ऑफ माउथ मिलता है तो ओपनिंग डे का कारोबार इससे बेहतर भी हो सकता है।
क्या टूटेगा 'टोटल धमाल' का रिकॉर्ड?
'धमाल' फ्रेंचाइजी की पिछली तीनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं।
- धमाल (2007) – ₹33.06 करोड़ नेट (हिट)
- डबल धमाल (2011) – ₹44.10 करोड़ नेट (हिट)
- टोटल धमाल (2019) – ₹155.67 करोड़ नेट (सुपरहिट)
अब देखना होगा कि 'धमाल 4' इस सफल रिकॉर्ड को बरकरार रख पाती है या नहीं।
फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट
निर्देशक इंद्र कुमार की इस फिल्म में एक बार फिर चार दोस्तों की रोमांचक यात्रा दिखाई गई है, जो 'ट्रेजर ऑफ लाइफ' की तलाश में कई मजेदार और रहस्यमयी घटनाओं में फंस जाते हैं। इस बार कहानी में समुद्री लुटेरों और अलौकिक तत्वों का भी तड़का लगाया गया है। फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा, रवि किशन, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और अंजलि आनंद अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
200 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म
बताया जा रहा है कि 'धमाल 4' का बजट करीब 200 करोड़ रुपये है। फिल्म को U/A 13+ सर्टिफिकेट मिला है और इसकी अवधि 2 घंटे 23 मिनट है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में सबसे ज्यादा फीस अजय देवगन ने ली है, जबकि उनके बाद रितेश देशमुख और अरशद वारसी का नाम शामिल है।