भगवानगंज थाना क्षेत्र में देर रात हथियारबंद नकाबपोश डकैतों ने एक आभूषण दुकान और उससे सटे मकान में भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश चांदनी अलंकार नामक ज्वेलरी दुकान से करीब 200 ग्राम सोने के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, इस घटना में कुल नुकसान लगभग 40 लाख रुपये का हुआ है।
सीढ़ी लगाकर घर में घुसे डकैत
पीड़ित दुकानदार दीपक सोनी, पिता इंदु सोनी, ने बताया कि करीब 10 की संख्या में आए नकाबपोश बदमाश घर के पीछे की ओर सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे। बदमाशों ने पहले ताला तोड़ा और फिर घर में मौजूद सभी लोगों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया।
40 से 50 मिनट तक मचाया उत्पात
घटना के समय घर में दीपक सोनी, उनकी पत्नी, मां और बच्चे मौजूद थे। पीड़ित के मुताबिक, डकैत करीब 40 से 50 मिनट तक घर और दुकान में लूटपाट करते रहे। इस दौरान उन्होंने पूरे परिसर में तोड़फोड़ भी की और कीमती आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिटी पूर्वी एसपी शैलजा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
तकनीकी जांच के जरिए बदमाशों की तलाश
एसपी शैलजा ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस बड़ी डकैती की घटना के बाद भगवानगंज इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।