सुल्तानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित पीढ़ी टोल प्लाजा के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अनिकेत चौहान, आकाश और मिथिलेश चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि चौथे आरोपी अजय को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
मुठभेड़ में घायल तीनों बदमाशों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जयसिंहपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
11 लाख नकदी, हथियार और चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये की नकदी, एक कंपास जीप, चोरी के जेवरात, तीन तमंचे और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
चारों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार सभी आरोपी सीतापुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अनिकेत चौहान पर 52, आकाश पर 46, मिथिलेश चौहान पर 26 और अजय पर 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन पर चोरी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के आरोप हैं।
कई वारदातों के खुलासे की उम्मीद
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे। उनकी गिरफ्तारी से सुल्तानपुर और आसपास के जिलों में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।