महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

'50 हजार और बुलेट दो...', मांग पूरी नहीं हुई तो नवविवाहिता की चली गई जान, पिता ने लगाए हत्या के आरोप

प्रकाशित: 10-07-2026, 06:51 AM
'50 हजार और बुलेट दो...', मांग पूरी नहीं हुई तो नवविवाहिता की चली गई जान, पिता ने लगाए हत्या के आरोप
शेयर करें:

बिहार के नवादा जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

2019 में हुई थी शादी

मामला नादिरगंज थाना क्षेत्र के नंदग्राम दललपुर गांव का है। मृतका के पिता कपिल देव यादव ने बताया कि वर्ष 2019 में उन्होंने अपनी बेटी की शादी विपिन यादव से की थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित करता था।

पहले भी हुई थी शिकायत

परिजनों के अनुसार, दहेज प्रताड़ना की शिकायत पहले भी पुलिस से की गई थी। हालांकि, सामाजिक स्तर पर समझौता होने के बाद मामला शांत हो गया था और बेटी अपनी ससुराल में रहने लगी थी।

₹50 हजार और बुलेट बाइक मांगने का आरोप

मृतका के पिता का आरोप है कि करीब आठ महीने पहले बेटी की दोबारा विदाई कराई गई थी। इसके बाद आरोपी पति लगातार फोन कर हर महीने 50 हजार रुपये और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करता था। मांग पूरी नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी जाती थी।

मृत अवस्था में मिली विवाहिता

बुधवार को परिजनों को बेटी की मौत की सूचना मिली। जब वे ससुराल पहुंचे तो विवाहिता मृत अवस्था में मिली। मायके पक्ष का आरोप है कि पति और ससुराल के अन्य लोगों ने मिलकर उसकी मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद नादिरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: