उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पनियरा और सदर विधानसभा क्षेत्र के 512 जोड़ों ने पारंपरिक रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में प्रवेश किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में परिजनों की मौजूदगी रही।
नवविवाहित जोड़ों को पंकज चौधरी का आशीर्वाद
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सरकार की एक महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी पहल है।
'12 हजार से अधिक जोड़ों का कराया जा चुका है विवाह'
पंकज चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत महराजगंज जनपद में अब तक 12 हजार से अधिक जोड़ों का विवाह जिला प्रशासन की ओर से कराया जा चुका है। उन्होंने इसे एक पुनीत कार्य बताते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रदेश की कोई भी बेटी आर्थिक तंगी के कारण विवाह से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में समय-समय पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जहां गरीब परिवारों की बेटियों का पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ विवाह कराया जाता है। साथ ही नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से गृहस्थी की शुरुआत के लिए उपहार भी दिए जाते हैं।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर अखिलेश यादव के आरोपों का जवाब
अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि "जिन लोगों ने कार सेवकों पर गोली चलवाई, जिन्होंने राम नाम के अस्तित्व को मिटाने का प्रयास किया, आज वही लोग राम मंदिर की बात कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले में एसआईटी (SIT) का गठन कर दिया है। जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी व्यक्ति इस मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।