उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विकास कार्यों की सौगात दी और विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा), पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास के लिए 710 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
सपा सरकार पर बोला हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पहले सरकार का धन कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल बनाने पर खर्च होता था, जबकि अब वही धन मंदिरों के विकास, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और जनकल्याण के कार्यों में लगाया जा रहा है।
कानून व्यवस्था को लेकर कही बड़ी बात
सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले समाजवादी पार्टी के शासन में युवाओं के हाथों में तमंचे थमा दिए जाते थे, जबकि आज वही युवा शिक्षा, तकनीकी और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले बुंदेलखंड डकैतों और अपराधियों के लिए जाना जाता था, लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और गुंडों, माफियाओं तथा डकैतों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है।
बुंदेलखंड के विकास का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, कनेक्टिविटी परियोजनाओं, बांदा-बबेरू मार्ग के चौड़ीकरण और क्षेत्रीय विकास कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने कालूकुआं चौराहे पर रानी अवंती बाई की प्रतिमा के अनावरण का भी जिक्र करते हुए कहा कि बांदा को आधुनिक और विकसित शहर बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।
ओडीओपी से मिली सजर पत्थर को नई पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक जिला, एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत बांदा के प्रसिद्ध सजर पत्थर को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आज सजर पत्थर की मांग देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बढ़ी है, जिससे स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों को लाभ मिल रहा है।
विकसित बुंदेलखंड का रखा विजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकसित बुंदेलखंड का निर्माण करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार लगातार कार्य करती रहेगी।