साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' को लेकर फैंस का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। मेकर्स ने फिल्म के ट्रेलर की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यश ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्टर साझा करते हुए ट्रेलर रिलीज का काउंटडाउन शुरू होने की जानकारी दी।
8 अगस्त को आएगा ट्रेलर
मेकर्स के अनुसार, 'टॉक्सिक' का आधिकारिक ट्रेलर 8 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
26 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले इसकी रिलीज डेट कई बार बदली जा चुकी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को पहले मार्च और जून 2026 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन बाद में रिलीज टाल दी गई।
गैंगस्टर एक्शन ड्रामा है 'टॉक्सिक'
'टॉक्सिक' एक पैन इंडिया गैंगस्टर एक्शन फिल्म है, जिसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म की कहानी 1940 से 1970 के दशक के बीच गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। इसमें यश 'राया' नाम के किरदार में नजर आएंगे, जो अपराध की दुनिया में अपना साम्राज्य खड़ा करता है।
स्टारकास्ट में कई बड़े नाम
फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने किया है।
छह भाषाओं में होगी रिलीज
'टॉक्सिक' को कन्नड़, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और अंग्रेजी सहित छह भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। बड़े बजट और पैन इंडिया रिलीज की वजह से फिल्म पहले से ही चर्चा में बनी हुई है।
'रामायण' के बाद फिर अलग अवतार में दिखेंगे यश
हाल ही में रिलीज हुए 'रामायण' के ट्रेलर में यश रावण के किरदार में नजर आए थे, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। वहीं 'टॉक्सिक' में उनका डार्क और गैंगस्टर अवतार देखने को मिलेगा। ऐसे में फैंस को इस फिल्म से भी बड़ी उम्मीदें हैं।