गाजीपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सेफ फ्यूचर' के तहत परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 8 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि 40 वाहनों का चालान किया गया।
1 से 15 जुलाई तक चल रहा है विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) के निर्देशन में यह विशेष अभियान 1 जुलाई से 15 जुलाई तक दो चरणों में संचालित किया जा रहा है।
पहले चरण में स्कूल संचालकों और वाहन चालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करते हुए नोटिस जारी किए गए। वहीं दूसरे चरण में नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
कई क्षेत्रों में हुई स्कूल वाहनों की सघन जांच
संयुक्त टीम ने कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज, नंदगंज और जंगीपुर में स्कूल वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, स्पीड गवर्नर सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर कार्रवाई
एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि जिन स्कूल वाहनों में सुरक्षा संबंधी गंभीर कमियां पाई गईं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 8 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 40 वाहनों का चालान किया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
यातायात निरीक्षक बलेन्द्र कुमार ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को सभी सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं।