इटावा सदर विधानसभा क्षेत्र के नुमाइश ग्राउंड में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बनने वाले अत्याधुनिक उत्सव भवन (ऑडिटोरियम) का शिलान्यास विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन के साथ किया गया। करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का शिलान्यास विधायक सरिता भदौरिया ने किया।
400 लोगों की क्षमता वाला होगा आधुनिक ऑडिटोरियम
परियोजना के तहत 400 लोगों के बैठने की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम तैयार किया जाएगा। यह भवन सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
शहर को मिलेगा बहुउद्देशीय सभागार
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि इटावा नगर में लंबे समय से आधुनिक ऑडिटोरियम की कमी महसूस की जा रही थी। उत्सव भवन के निर्माण से शहर को एक बहुउद्देशीय सभागार मिलेगा, जिससे विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक आयोजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इन सुविधाओं से होगा लैस परियोजना
उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत ऑडिटोरियम के अलावा बाउंड्री वॉल, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, विद्युत व्यवस्था, बोरिंग, प्लंबिंग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाएगा, ताकि परिसर पूरी तरह आधुनिक और सुविधाजनक बन सके।
शहर के विकास को मिलेगी नई गति
विधायक ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद इटावा को आधुनिक सार्वजनिक अवसंरचना की नई पहचान मिलेगी। इससे न केवल शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी, बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा और बड़े स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक मंच उपलब्ध होगा।