बिहार के खगड़िया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चलती ट्रेन में एक यात्री का मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश कर रहे युवक को यात्रियों ने पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी ट्रेन की खिड़की के बाहर लटका रहा और ट्रेन करीब 9 किलोमीटर तक आगे बढ़ती रही। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मानसी स्टेशन से खुलते ही हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, जनहित एक्सप्रेस जैसे ही मानसी रेलवे स्टेशन से रवाना हुई, खिड़की के पास बैठे एक यात्री का मोबाइल एक युवक ने झपट लिया। हालांकि, आसपास मौजूद यात्रियों ने तुरंत आरोपी का हाथ पकड़ लिया, जिससे वह मौके से भाग नहीं सका।
9 किलोमीटर तक ट्रेन के बाहर लटका रहा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यात्रियों ने आरोपी का हाथ मजबूती से पकड़े रखा। इस दौरान युवक ट्रेन की खिड़की के बाहर लटका रहा और ट्रेन लगभग 9 किलोमीटर का सफर तय करते हुए खगड़िया रेलवे स्टेशन पहुंची। यात्रियों का कहना है कि उन्होंने आरोपी का हाथ इसलिए नहीं छोड़ा ताकि वह नीचे गिरकर किसी बड़े हादसे का शिकार न हो जाए।
वायरल वीडियो में युवक ने बताई अलग पहचान
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक अपना नाम छोटू कुमार और घर लखमिनिया बता रहा है। वीडियो में वह यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि वह अपने एक रिश्तेदार की तलाश में वहां आया था।
स्टेशन पहुंचते ही पुलिस के हवाले किया गया आरोपी
ट्रेन के खगड़िया रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों ने आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी की पहचान नवगछिया निवासी बरकत मंसूरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।