नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी में एसी फटने से लगी आग ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार सुबह सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की 24 मंजिला इमारत के 21वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में एसी में विस्फोट होने के बाद आग लग गई। आग लगते ही बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए नीचे की ओर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
भीषण गर्मी और क्लाइमेट चेंज पर बोलीं ऋचा चड्ढा
इस घटना के बाद अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बढ़ती गर्मी और क्लाइमेट चेंज को लेकर चिंता जताते हुए लिखा कि एयर कंडीशनर कुछ समय के लिए राहत जरूर दे सकते हैं, लेकिन बढ़ते तापमान की समस्या का समाधान नहीं हैं। ऋचा ने लिखा, "अगर आपके पास पैसे हैं और बिजली कटौती नहीं होती, तो AC आपको कुछ देर के लिए ठंडक दे सकता है। लेकिन इतनी भीषण गर्मी में बेचारा AC भी जलेगा, जलाएगा और खुद भी जल जाएगा।"
'हमें क्लाइमेट एक्टिविस्ट बनना होगा'
अपने पोस्ट में ऋचा ने लोगों से पर्यावरण के प्रति जागरूक होने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन को देखते हुए अब समय आ गया है कि हर व्यक्ति क्लाइमेट एक्टिविस्ट बनने की दिशा में कदम बढ़ाए।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने किया ट्रोल
हालांकि, ऋचा चड्ढा का यह बयान सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया। कई लोगों ने उनके पोस्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या वह खुद अपने घर में एसी का इस्तेमाल नहीं करतीं। एक यूजर ने लिखा, "पहले आप अपने घर का AC बंद कर दीजिए, फिर हम भी कर देंगे।" वहीं दूसरे ने टिप्पणी की, "खुद AC में बैठकर क्लाइमेट एक्टिविज्म की बातें करना आसान है।"
प्रोफेशनल फ्रंट पर क्या कर रही हैं ऋचा?
वर्कफ्रंट की बात करें तो ऋचा चड्ढा आखिरी बार फिल्म 'फुकरे 3' में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने 'Girls Will Be Girls' को प्रोड्यूस किया और संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' में भी अहम भूमिका निभाई। फिलहाल उन्होंने अपने अगले प्रोजेक्ट का ऐलान नहीं किया है।