अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान उन्हें किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पहले मामूली समझा, कुछ घंटे बाद बिगड़ी हालत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शूटिंग पूरी होने के बाद राजेश शर्मा सेट पर मौजूद लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान घनी झाड़ियों के पास उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे मामूली घटना समझकर नजरअंदाज कर दिया और तत्काल इलाज नहीं कराया। हालांकि, करीब छह घंटे बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनके पैर में तेज दर्द शुरू हुआ और स्वास्थ्य तेजी से खराब होने लगा। इसके बावजूद वह फ्लाइट से कोलकाता रवाना हो गए। यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार और बेचैनी महसूस हुई। अगले दिन उनकी हालत अधिक बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
बताया जा रहा है कि राजेश शर्मा को तेज बुखार, सांस लेने में दिक्कत और पैर में तेजी से फैलते संक्रमण की समस्या है। शुरुआती जानकारी के अनुसार संक्रमण पैर की उंगलियों से घुटने तक फैल चुका है। डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
AICWA ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। संगठन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की अपील करते हुए शूटिंग सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
एसोसिएशन ने पूछे ये अहम सवाल
AICWA ने मांग की है कि जांच में यह स्पष्ट किया जाए—
- क्या शूटिंग स्थल पर इमरजेंसी मेडिकल सुविधा उपलब्ध थी?
- क्या अभिनेता को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया?
- क्या शूटिंग के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया?
संगठन का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग
AICWA ने फिल्म के निर्माताओं से राजेश शर्मा के इलाज का पूरा खर्च वहन करने और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
हाल ही में इन फिल्मों में आए थे नजर
राजेश शर्मा हाल ही में 'भूत बंगला' और 'कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट' जैसी फिल्मों में अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आए थे।