झारखण्ड/पलामू,12 अगस्त 2026। पलामू जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, भा.पु.से. की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ब्लॉक बी स्थित सभागार में आयोजित बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान कांडों के अनुसंधान, अपराधियों पर निगरानी, लंबित वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन तथा मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर
अपराध गोष्ठी में पुलिस गश्ती व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। गश्ती दल को प्रभावी बनाने के लिए क्यूआर कोड स्कैन व्यवस्था को लागू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही डायल-112 सेवा और बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने पूर्व माह की अपराध गोष्ठी में दिए गए एजेंडा बिंदुओं पर अब तक की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
जेल से छूटे अपराधियों पर रहेगी विशेष निगरानी
बैठक में पिछले 10 वर्षों में जेल से रिहा हुए अपराधकर्मियों का सत्यापन और निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया। खासकर लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, चोरी और गृहभेदन जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे अभियुक्तों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनका सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
हर दिन थाना परिसर में लगेगा जनता दरबार
अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एसपी ने नई पहल के तहत सभी थाना प्रभारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिया है। अब सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक थाना परिसर में जनता दरबार लगाने का निर्देश दिया गया है।
इस दौरान थाना प्रभारी के साथ अन्य संबंधित पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे और आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करेंगे। इस पहल का उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा शिकायतों के त्वरित निपटारे को सुनिश्चित करना है।
पेट्रोल पंप, स्कूल और अस्पताल समेत प्रमुख स्थानों पर CCTV लगाने का निर्देश
अपराध की रोकथाम और घटनाओं के बाद अपराधियों की पहचान में मदद के लिए थाना क्षेत्रों में CCTV निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के पेट्रोल पंप, अस्पताल, स्कूल, होटल, प्रमुख चौक-चौराहों तथा थाना के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर CCTV कैमरा लगवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इससे संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ अपराध की घटनाओं की जांच में भी पुलिस को मदद मिलने की उम्मीद है।
बीट पुलिसिंग के तहत होगा कार्यों का सुव्यवस्थित विभाजन
एसपी ने बीट पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए थानों में कार्यों का सुव्यवस्थित विभाजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा स्थानीय स्तर पर अपराध की रोकथाम के लिए सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा।
अगले माह होगी निर्देशों की समीक्षा
अपराध गोष्ठी के दौरान दिए गए सभी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की आगामी माह आयोजित होने वाली अपराध गोष्ठी में समीक्षा की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में तय किए गए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिसिंग में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।