बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'ईथा' को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज हुआ, जिसमें श्रद्धा कपूर मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मंग नारायणगांवकर के किरदार में नजर आईं। टीजर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली, लेकिन रिलीज के साथ ही फिल्म विवादों में भी घिर गई है।
फिल्म के नाम पर एनसीपी ने जताई आपत्ति
फिल्म के टाइटल 'ईथा' को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने आपत्ति दर्ज कराई है। पार्टी का कहना है कि जब फिल्म पूरी तरह विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है, तो इसका नाम भी उनके सम्मान में 'विठाबाई' या 'विठा' रखा जाना चाहिए। रिपोर्ट्स के अनुसार, एनसीपी के फिल्म और सांस्कृतिक विभाग के महाराष्ट्र अध्यक्ष बाबासाहेब पाटिल ने कहा कि विठाबाई की लोक कला में अमूल्य भूमिका रही है और उनके योगदान को उचित सम्मान मिलना चाहिए।
परिवार ने भी किया नाम बदलने का समर्थन
फिल्म के नाम को लेकर उठी मांग को विठाबाई नारायणगांवकर के परिवार का भी समर्थन मिला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके बेटे कैलाश नारायणगांवकर, राजेश नारायणगांवकर और पोते मोहित नारायणगांवकर ने भी फिल्म के मौजूदा नाम पर नाराजगी जताई है। परिवार ने फिल्म के निर्माताओं से अपील की है कि फिल्म का नाम बदलकर विठाबाई के नाम पर रखा जाए। फिलहाल फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर और प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म्स की ओर से इस विवाद या फिल्म का नाम बदलने की मांग पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
टीजर में श्रद्धा कपूर का दमदार अंदाज
फिल्म के टीजर में श्रद्धा कपूर का अब तक का सबसे भावुक और दमदार अवतार देखने को मिला है। उनके लुक और अभिनय की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है। टीजर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। वर्क फ्रंट की बात करें तो श्रद्धा कपूर इससे पहले 'स्त्री 2' में नजर आई थीं। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। अब फैंस को उनकी अगली फिल्म 'ईथा' का बेसब्री से इंतजार है।