बॉलीवुड फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर शादी के बंधन में बंध चुके हैं। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं देते हुए एक विशेष पत्र भेजा। बोनी कपूर ने प्रधानमंत्री के इस पत्र को सोशल मीडिया पर साझा कर उनका आभार व्यक्त किया है।
PM मोदी ने दी नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर को नई वैवाहिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि दोनों जीवनभर साथ रहने और एक-दूसरे पर विश्वास के साथ एक नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कामना की कि दोनों का रिश्ता हमेशा मजबूत बना रहे और उनके जीवन में खुशियां लगातार बढ़ती रहें।
शादी का निमंत्रण भेजने पर जताया आभार
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने शादी समारोह का निमंत्रण भेजने के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस शुभ अवसर पर वह नवविवाहित जोड़े के सुखद और समृद्ध भविष्य की कामना करते हैं।
बोनी कपूर ने सोशल मीडिया पर साझा किया पत्र
बोनी कपूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना पत्र को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। इसके साथ उन्होंने लिखा कि अंशुला और रोहन की शादी पर प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं और आशीर्वाद के लिए पूरा कपूर परिवार उनका दिल से आभारी है।
'आपके आशीर्वाद ने इस पल को और खास बना दिया'
बोनी कपूर ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि प्रधानमंत्री का यह स्नेह और आशीर्वाद नवविवाहित जोड़े के साथ-साथ पूरे कपूर परिवार के लिए इस अवसर को और भी खास और यादगार बना गया। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति अपना हार्दिक आभार भी व्यक्त किया।