राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रवक्ता पद से इस्तीफा देने के बाद मृत्युंजय तिवारी ने शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच पार्टी की मौजूदा स्थिति और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा हुई।
'इस्तीफा वापस लेने का किया आग्रह'
मुलाकात के बाद अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि मृत्युंजय तिवारी पार्टी के निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से उनसे इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया गया है।
लालू प्रसाद और राबड़ी देवी से बात करने की सलाह
अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि यदि मृत्युंजय तिवारी को किसी प्रकार की शिकायत या परेशानी है, तो उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से सीधे बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सुझाव पर मृत्युंजय तिवारी ने सहमति जताई है।
पार्टी में बने रहने की उम्मीद
सिद्दीकी ने उम्मीद जताई कि बातचीत के जरिए सभी मतभेद दूर हो जाएंगे और मृत्युंजय तिवारी पार्टी में बने रहेंगे। फिलहाल, उनके इस्तीफे को लेकर अंतिम फैसला आना बाकी है।