उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शहर के सांडी मार्ग स्थित बावन चुंगी के पास भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक एटीएम में सफाई करने पहुंचे कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है, जबकि स्थानीय लोगों ने एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
ड्यूटी पर पहुंचते ही हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रुकमनापुर निवासी मनोज कुमार रोज की तरह बावन चुंगी स्थित एसबीआई एटीएम की सफाई और देखरेख के लिए पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने एटीएम के मुख्य केबिन का गेट खोलने के लिए हाथ लगाया, गेट में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि मनोज कुमार मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत मनोज कुमार को जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में भी शोक का माहौल रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बैंक प्रशासन और एटीएम के रखरखाव को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर स्थित एटीएम में इस तरह करंट दौड़ना गंभीर लापरवाही का मामला है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि उस समय कोई ग्राहक पैसे निकालने के लिए एटीएम पहुंचता, तो वह भी इस हादसे का शिकार हो सकता था।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में एटीएम में शॉर्ट सर्किट, अर्थिंग की खराबी या अन्य तकनीकी खामी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा।