मशहूर कोरियोग्राफर और अभिनेता सलमान यूसुफ खान हाल ही में अस्पताल में भर्ती होने के बाद चर्चा में आ गए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर अस्पताल से तस्वीरें साझा कर बताया था कि उनका इलाज चल रहा है। अब सलमान ने खुद खुलासा किया है कि उनके साथ यह हादसा कैसे हुआ और उनकी बांह की हड्डियां कैसे टूट गईं।
अस्पताल से शेयर की थीं तस्वीरें
कुछ दिन पहले सलमान यूसुफ खान ने इंस्टाग्राम पर अस्पताल की कई तस्वीरें साझा की थीं। एक तस्वीर में वह ऑपरेशन थिएटर में नजर आए, जबकि दूसरी तस्वीर में डॉक्टर उनके हाथ का इलाज करते दिखाई दिए। उन्होंने अपने हाथ का एक्स-रे भी शेयर किया, जिसमें फ्रैक्चर साफ दिखाई दे रहा था। पोस्ट के साथ उन्होंने मेडिकल टीम का धन्यवाद करते हुए लिखा था कि उनकी रिकवरी शुरू हो चुकी है और यह सिर्फ एक अस्थायी झटका है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में खुद को "वूल्वरिन" भी बताया था।
बेटे को पतंग उड़ाना सिखाते समय हुआ हादसा
मीडिया से बातचीत में सलमान ने बताया कि हादसा बेहद सामान्य परिस्थितियों में हुआ। उन्होंने कहा, "आजकल बच्चे ज्यादा समय गैजेट्स पर बिताते हैं, इसलिए मैंने सोचा कि अपने बेटे को पतंग उड़ाना सिखाऊं। हम दोनों छत पर थे। उसे पतंग उड़ाना सिखाने के बाद मैंने उसे नीचे भेज दिया और खुद पतंग को और ऊपर उड़ाने लगा। इसी दौरान मेरा पैर फिसल गया और मैं करीब 13 फीट नीचे गिर गया।"
दो हड्डियां टूटीं, चल रही है रिकवरी
सलमान ने बताया कि इस हादसे में उनके हाथ की दो हड्डियां टूट गईं। उन्होंने कहा कि एक डांसर होने के नाते चोटें उनके करियर का हिस्सा रही हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि वह जल्द ठीक होकर वापसी करेंगे।उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन बाद प्लास्टर हटाया जाएगा, जिसके बाद लगभग एक महीने तक फिजियोथेरेपी चलेगी। उम्मीद है कि इसके बाद वह फिर से डांस करते नजर आएंगे।
फैंस के प्यार के लिए जताया आभार
सलमान यूसुफ खान ने अपने प्रशंसकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें जितना प्यार, दुआएं और समर्थन मिला है, उससे वह बेहद भावुक हैं। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में काम करते हुए उन्हें एक दशक से ज्यादा समय हो चुका है और यह जानकर खुशी होती है कि लोग आज भी उनके काम से जुड़ाव महसूस करते हैं।
'डांस इंडिया डांस' से मिली थी पहचान
सलमान यूसुफ खान ने 'डांस इंडिया डांस सीजन 1' का खिताब जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने कई बड़े डांस शो और फिल्मों में बतौर कोरियोग्राफर और कलाकार काम किया। वह 'एबीसीडी (ABCD)' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।