महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

16 साल से मंदिर में सेवा कर रहे पुजारी की हत्या, महोबा में फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

प्रकाशित: 18-07-2026, 09:52 AM
16 साल से मंदिर में सेवा कर रहे पुजारी की हत्या, महोबा में फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
शेयर करें:

महोबा जिले के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के जैतपुर गांव स्थित आपदा निवारण संकट मोचन हनुमान मंदिर में 65 वर्षीय पुजारी उदित नारायण मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मंदिर के भीतर मिला। शनिवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो पुजारी का शव खून से लथपथ हालत में देखकर हड़कंप मच गया।

परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

मृतक के छोटे भाई जुगल किशोर ने अज्ञात लोगों पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को लिखित तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है।

16 वर्षों से मंदिर में कर रहे थे पूजा-पाठ

उदित नारायण मिश्रा मूल रूप से हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र के अमगांव गांव के निवासी थे। वह पिछले करीब 16 वर्षों से जैतपुर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में रहकर नियमित पूजा-अर्चना कर रहे थे। प्रारंभिक आशंका है कि वारदात शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को हुई।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि मृतक के नशे की आदत से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावित कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: