370 रुपये की बिरयानी से जुड़ा विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस मामले में स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे भी विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश होना पड़ा। आयोग पहुंचने का उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चेहरा ढककर पहुंचे राष्ट्रीय महिला आयोग
रविवार को प्रणित मोरे राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ब्लैक मास्क से अपना पूरा चेहरा ढका हुआ था। मीडिया से बचते हुए वह सीधे आयोग की इमारत के अंदर चले गए और किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।
हिमांशु जांगड़ा भी आयोग के सामने हुए पेश
प्रणित मोरे के बाद इस विवाद के केंद्र में रहे हिमांशु जांगड़ा भी राष्ट्रीय महिला आयोग पहुंचे। वह भी अपने एक करीबी के साथ नजर आए और मीडिया से दूरी बनाते हुए सीधे भवन के अंदर प्रवेश कर गए। दोनों का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
क्या है 370 रुपये की बिरयानी वाला विवाद?
विवाद की शुरुआत प्रणित मोरे के एक शो से हुई थी, जिसमें 23 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा ने अपनी डेटिंग लाइफ से जुड़ा एक अनुभव साझा किया था। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गए थे, जहां दोनों ने 370 रुपये की चिकन बिरयानी खाई थी।
बयान पर मचा था बवाल
शो में हिमांशु ने दावा किया था कि बिरयानी पर खर्च किए गए पैसों के बदले उन्होंने लड़की से निजी नजदीकी की उम्मीद जताई थी। इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक और आपत्तिजनक बताया।
प्रणित मोरे भी आए निशाने पर
चूंकि यह टिप्पणी प्रणित मोरे के शो के दौरान की गई थी और वह उस समय हंसते हुए नजर आए थे, इसलिए सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें भी आड़े हाथों लिया। इसके बाद कॉमेडियन को भी व्यापक आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
दोनों मांग चुके हैं माफी
विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु जांगड़ा और प्रणित मोरे दोनों सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर कई लोग अब भी उनके खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। यही वजह है कि यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और अब राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंच गया है।