महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

4 राज्यों की वोटर लिस्ट में नाम! प्रकाश राज पर गिरफ्तारी का खतरा; तीसरी बार गैर-जमानती वारंट जारी

प्रकाशित: 24-06-2026, 05:47 AM
4 राज्यों की वोटर लिस्ट में नाम! प्रकाश राज पर गिरफ्तारी का खतरा; तीसरी बार गैर-जमानती वारंट जारी
शेयर करें:

साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज की कानूनी परेशानियां बढ़ती नजर आ रही हैं। बेंगलुरु की एक अदालत ने उनके खिलाफ एक बार फिर गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। यह मामला अलग-अलग राज्यों की मतदाता सूची में उनके नाम दर्ज होने के आरोपों से जुड़ा है।

तीसरी बार जारी हुआ गैर-जमानती वारंट

बेंगलुरु के वकील के. दिलीप कुमार की याचिका पर कार्रवाई करते हुए अदालत ने 12 जून 2026 को प्रकाश राज के खिलाफ तीसरी बार गैर-जमानती वारंट जारी किया। अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, यह उनके खिलाफ जारी किया गया तीसरा एनबीडब्ल्यू है।

समन के बावजूद नहीं हुए पेश

मामले में 17 फरवरी 2026 को पुलिस आयुक्त के माध्यम से समन जारी किया गया था। हालांकि, याचिका में दिए गए पते पर प्रकाश राज नहीं मिले। इसके बाद अदालत ने 17 मार्च को पहला गैर-जमानती वारंट जारी किया। अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि आरोपी बताए गए पते पर नहीं मिले और जानकारी मिली है कि उन्होंने वह घर खाली कर दिया है। इसके बाद उनके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी किया गया।

25 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

17 अप्रैल को मामले की अगली सुनवाई तय की गई थी, लेकिन उस दिन भी प्रकाश राज अदालत में पेश नहीं हुए। इसके बाद वारंट दोबारा जारी किया गया। तीसरा गैर-जमानती वारंट 12 जून को जारी किया गया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई 2026 को होगी।

चार जगह वोटर लिस्ट में नाम होने का आरोप

यह विवाद 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद शुरू हुआ था, जब प्रकाश राज ने बेंगलुरु सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र (कर्नाटक) के अलावा प्रकाश राज का नाम चेन्नई के वेलाचेरी विधानसभा क्षेत्र और तेलंगाना के सेरिलिंगमपल्ली विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में भी दर्ज है। याचिका में दावा किया गया है कि उनका नाम कुल चार अलग-अलग मतदाता सूचियों में मौजूद है।

क्या है प्रकाश राज का पक्ष?

भारतीय चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, किसी भी नागरिक का वोटर रजिस्ट्रेशन केवल एक ही स्थान पर हो सकता है। हालांकि, प्रकाश राज पहले भी इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं। उनका कहना है कि वे केवल तमिलनाडु में अपने मतदान अधिकार का इस्तेमाल करते हैं और अन्य राज्यों की मतदाता सूची में उनका नाम होने के दावे गलत हैं।

धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में भी घिरे

इसी बीच हाल ही में तिरुपति की एक अदालत में भी प्रकाश राज के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं और रामायण को लेकर ऐसे बयान दिए, जिनसे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। यह शिकायत बीजेपी नेता और तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य जी. भानुप्रकाश रेड्डी की ओर से दर्ज कराई गई है।

इन फिल्मों में नजर आएंगे प्रकाश राज

वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रकाश राज हाल ही में तमिल फिल्म 'कालिदास 2' और तेलुगु फिल्मों 'सीता पायनम', 'एस सरस्वती' तथा 'डकैत: ए लव स्टोरी' में नजर आए थे। आने वाले समय में वह हिंदी फिल्म 'दृश्यम 3', तेलुगु फिल्म 'स्पिरिट' और 'वाराणसी' के अलावा तमिल फिल्म 'जना नायगन' में दिखाई देंगे।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: