मशहूर म्यूजिक कंपोजर AR Rahman के बेटे और सिंगर-म्यूजिक प्रोड्यूसर AR Ameen सड़क हादसे का शिकार हो गए। चेन्नई के गिंडी इलाके में तड़के करीब 3:30 बजे उनकी Porsche कार की एक Wagon-R से टक्कर हो गई। हादसे में Ameen को मामूली चोटें आईं। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वह घर लौट चुके हैं।
Porsche की Wagon-R से हुई टक्कर
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के वक्त Ameen खुद Porsche चला रहे थे और उनके साथ उनका एक दोस्त भी मौजूद था। पुलिस के अनुसार, Wagon-R साइड रोड से मुख्य सड़क पर प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही Porsche से उसकी टक्कर हो गई।
अस्पताल में इलाज के बाद Ameen डिस्चार्ज
हादसे के बाद Ameen और उनके दोस्त को इलाज के लिए कावेरी अस्पताल ले जाया गया। दोनों को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद Ameen को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, Wagon-R में सवार एक व्यक्ति को भी चोटें आईं और उसे कलैग्नर सेंटेनरी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, सड़क पर वाहनों की आवाजाही और टक्कर के कारणों की जांच की जा रही है।
2023 में भी बाल-बाल बचे थे Ameen
यह पहली बार नहीं है जब AR Ameen किसी हादसे में बाल-बाल बचे हों। वर्ष 2023 में एक शूटिंग के दौरान उनके साथ बड़ा हादसा होते-होते टल गया था। Ameen ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि शूटिंग के दौरान क्रेन पर लगा एक भारी झूमर और ट्रस अचानक उनके ऊपर गिर गया था।
इस घटना में उन्हें गंभीर चोट नहीं आई थी। इसके बाद AR Rahman ने भी शूटिंग सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी।
पिता की तरह संगीत की दुनिया में बना रहे पहचान
AR Ameen अपने पिता AR Rahman की तरह ही संगीत की दुनिया से जुड़े हैं। वह प्लेबैक सिंगर और म्यूजिक प्रोड्यूसर हैं। महज 23 साल की उम्र में Ameen ने संगीत के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
12 साल की उम्र में शुरू किया था गायन
Ameen ने करीब 12 साल की उम्र में अपने पिता के कंपोज किए संगीत में आवाज दी थी। वह 'दिल बेचारा' और '2.0' जैसी फिल्मों के लिए भी गाने गा चुके हैं। फिलहाल वह अपने म्यूजिक प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं और पिता के नाम से अलग अपनी पहचान बनाने की कोशिश में जुटे हैं।