आरा शहर के पूर्वी रेलवे गुमटी के पास बन रहा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) लंबे समय से अधूरा पड़ा है। पुल का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग मजबूरी में रेलवे ट्रैक पार कर अपने घर जाने को मजबूर हैं।
जनवरी में होना था उद्घाटन, अब तक नहीं हुआ पूरा
बताया जा रहा है कि ROB का उद्घाटन जनवरी में प्रस्तावित था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। लोगों का आरोप है कि पुल का काम कभी शुरू होता है तो कभी बंद हो जाता है, जिससे परियोजना लगातार लंबी खिंचती जा रही है।
रेलवे GM के निरीक्षण में भी उठी थी समस्या
हाल ही में हाजीपुर रेल मंडल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने आरा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने ROB के निर्माण में देरी को लेकर शिकायत भी की थी। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य को लेकर कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आई है।
सांसद भी कई बार लोकसभा में उठा चुके हैं मुद्दा
आरा के सांसद सुदामा प्रसाद भी ROB के निर्माण में देरी का मुद्दा कई बार लोकसभा में उठा चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत और जनप्रतिनिधियों की ओर से मामला उठाए जाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
अधूरे पुल के कारण बढ़ा हादसे का खतरा
निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन के लिए जोखिम उठाना पड़ रहा है। रेलवे ट्रैक पार करने की मजबूरी से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से ROB का काम जल्द पूरा कराने और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।