भागलपुर जिले में कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्षों के चुनाव को लेकर पार्टी के अंदर ही विरोध बढ़ता जा रहा है। आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने हाल में हुए प्रखंड अध्यक्षों के चुनाव में कथित अनियमितता और मनमानी का आरोप लगाया।
पीरपैंती, बिहपुर और गोपालपुर को लेकर उठे सवाल
कांग्रेस नेता अभय कांत झा ने आरोप लगाया कि पीरपैंती, बिहपुर और गोपालपुर प्रखंड में जिन्हें नया प्रखंड अध्यक्ष बनाया गया है, उनके खिलाफ पहले से FIR दर्ज है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के संगठनात्मक नियमों के अनुसार ऐसे लोगों को महत्वपूर्ण पद नहीं दिया जाना चाहिए, जिनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल हो चुकी हो। इसके बावजूद उन्हें प्रखंड अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए।
‘कार्यकर्ताओं की राय को किया गया नजरअंदाज’
कांग्रेस नेता विपिन बिहारी यादव ने आरोप लगाया कि प्रखंड अध्यक्षों के चुनाव में कार्यकर्ताओं की राय और निर्णय को दरकिनार कर मनमाने तरीके से चयन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रखंड अध्यक्ष का चुनाव कांग्रेस मुख्यालय की ओर से तय नियमों और प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, लेकिन भागलपुर में इन नियमों का पालन नहीं किया गया।
महिला प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल
महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष आरती सिंह ने संगठन में महिलाओं की भागीदारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की बात कही जाती है, लेकिन भागलपुर जिले के किसी भी प्रखंड में महिला अध्यक्ष नहीं बनाया गया।
‘महिलाओं की भागीदारी की अनदेखी’ का आरोप
आरती सिंह ने आरोप लगाया कि प्रखंड अध्यक्षों के चयन में महिला प्रतिनिधित्व को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने संगठन में महिलाओं को पर्याप्त भागीदारी देने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।