महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

बॉलीवुड के वो दमदार फौजी किरदार, जिन्हें आज भी दर्शक करते हैं याद

प्रकाशित: 14-08-2026, 02:40 PM
बॉलीवुड के वो दमदार फौजी किरदार, जिन्हें आज भी दर्शक करते हैं याद
शेयर करें:

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभर में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिलता है। तिरंगा फहराने से लेकर देशभक्ति फिल्मों का आनंद लेने तक, लोग इस खास दिन पर देश के वीर जवानों को नमन करते हैं। भारतीय सिनेमा ने भी सेना के जवानों की बहादुरी, त्याग और देश के प्रति समर्पण को कई यादगार कहानियों के जरिए पर्दे पर उतारा है। बॉलीवुड के कई कलाकारों ने ऐसे फौजी किरदार निभाए, जिन्होंने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी। आइए जानते हैं उन सितारों के बारे में, जिन्होंने पर्दे पर फौजी बनकर लोगों का दिल जीता। 

1. विक्की कौशल 

फौजी किरदारों की बात हो तो विक्की कौशल का नाम सबसे पहले याद आता है। साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' में उन्होंने मेजर विहान सिंह शेरगिल का किरदार निभाया था। उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके अलावा विक्की 'राजी' में भी सेना के अधिकारी की भूमिका में नजर आए थे। वहीं, फिल्म 'सैम बहादुर' में उन्होंने फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ का किरदार निभाकर एक बार फिर अपनी शानदार अदाकारी का परिचय दिया। 

2. सिद्धार्थ मल्होत्रा

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी अपनी फिल्मों में कई यादगार फौजी किरदार निभाए हैं। फिल्म 'शेरशाह' में उन्होंने परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की भूमिका निभाई थी। ओटीटी पर रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और सिद्धार्थ के अभिनय की भी खूब तारीफ हुई। इसके अलावा वह 'अय्यारी' में भी आर्मी ऑफिसर के किरदार में नजर आ चुके हैं।

3. ऋतिक रोशन 

बॉलीवुड के सुपरस्टार ऋतिक रोशन ने फिल्म 'लक्ष्य' में कैप्टन करण शेरगिल की भूमिका निभाई थी। फरहान अख्तर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एक युवा के फौजी बनने और अपने लक्ष्य को हासिल करने की कहानी दिखाई गई थी। ऋतिक का यह किरदार आज भी बॉलीवुड के सबसे यादगार सैन्य किरदारों में गिना जाता है। 

4. शाहरुख खान 

'किंग खान' शाहरुख खान का सेना से जुड़ाव फिल्मों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ही टीवी शो 'फौजी' से की थी। इसके बाद उन्होंने 'आर्मी', 'मैं हूं ना' और 'जब तक है जान' जैसी फिल्मों में सैन्य अधिकारी की भूमिकाएं निभाईं। खासतौर पर 'जब तक है जान' में उनके मेजर समर आनंद के किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया। 

5. अमिताभ बच्चन

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी अपने लंबे करियर में कई बार फौजी का किरदार निभाया है। फिल्म 'मेजर साहब' में उन्होंने मेजर जसबीर सिंह राणा की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वह 'अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों' और 'लक्ष्य' जैसी फिल्मों में भी सैन्य भूमिका वाले किरदारों में नजर आए। उनकी दमदार आवाज और अभिनय ने इन भूमिकाओं को खास बना दिया। 

6. सनी देओल

सनी देओल का नाम बॉलीवुड के सबसे दमदार फौजी किरदारों के साथ लिया जाता है। फिल्म 'बॉर्डर' में उन्होंने मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी की भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनके अभिनय और दमदार डायलॉग्स ने दर्शकों के बीच अलग ही जोश पैदा किया। सनी देओल एक बार फिर 'बॉर्डर 2' के जरिए देशभक्ति से जुड़ी कहानी का हिस्सा बने हैं।

7. अक्षय कुमार 

अक्षय कुमार ने भी अपने फिल्मी करियर में कई बार वर्दी पहनी है। सेना और देशभक्ति से जुड़ी भूमिकाओं में उन्हें दर्शकों का खास प्यार मिला। फिल्म 'हॉलिडे: ए सोल्जर इज़ नेवर ऑफ ड्यूटी' में उन्होंने भारतीय सेना के अधिकारी का किरदार निभाया था, जिसे काफी पसंद किया गया। इसके अलावा अक्षय 'सैनिक', 'केसरी' और अन्य फिल्मों में भी देश के लिए समर्पित जवानों की भूमिका निभा चुके हैं। 

टैग्स: #Independence Day 2026
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: