बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भरथना-अछल्दा थाना क्षेत्र के बीच चैनल नंबर 276 के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मासूम समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
उर्स में शामिल होने जा रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के पांच लोग झांसी से बरेली उर्स में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
दो लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल
हादसा इतना भीषण था कि कार सवार 50 वर्षीय जमाल और 62 वर्षीय शकीला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक मासूम समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को सैफई PGI किया गया रेफर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सैफई PGI रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वजह और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।