गाजियाबाद में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की एक स्कूल बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना मेरठ रोड स्थित नंदग्राम तिराहे के पास हुई। आग लगते ही बस से धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं दमकल की दो गाड़ियां
फायर विभाग के अनुसार, सुबह करीब 9:26 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को स्कूल बस में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दो दमकल वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।
आग ने तेजी से लिया विकराल रूप
दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने तक आग बस में तेजी से फैल चुकी थी और चारों ओर काला धुआं फैल गया था। जांच में यह भी सामने आया कि बस में सीएनजी किट लगी हुई थी, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो सकती थी।
फायर टीम ने समय रहते पाया आग पर काबू
दमकल कर्मियों ने होज लाइन और होज रील की मदद से चारों ओर से आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित
फायर विभाग के अनुसार, जब टीम मौके पर पहुंची तब बस में कोई बच्चा या अन्य व्यक्ति फंसा हुआ नहीं था। सभी बच्चों को पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
आग लगने वाली बस का पंजीकरण नंबर UP 14 GT 6565 बताया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।