महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

गोंडा में BJP की 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा पदयात्रा, हजारों लोग हुए शामिल

Ishika Jain
प्रकाशित: 13-08-2026, 03:05 PM
गोंडा में BJP की 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा पदयात्रा, हजारों लोग हुए शामिल
शेयर करें:

गोंडा में भारतीय जनता पार्टी ने करीब दो किलोमीटर लंबी विशाल तिरंगा पदयात्रा निकाली। बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद रेखा वर्मा के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ हजारों पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। यात्रा अंबेडकर चौराहे से शुरू होकर गांधी पार्क पहुंचकर समाप्त हुई।

तिरंगा लेकर देशभक्ति के गीतों के बीच आगे बढ़े लोग

पदयात्रा की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग हाथों में तिरंगा लेकर गांधी पार्क की ओर बढ़े। पूरे रास्ते देशभक्ति के गीतों और नारों के बीच राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला।

गांधी पार्क में हुआ यात्रा का समापन

करीब दो किलोमीटर लंबी यात्रा गांधी पार्क पहुंची, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए। इसके साथ ही तिरंगा पदयात्रा का औपचारिक रूप से समापन हुआ।

पदयात्रा के चलते शहर में लगा भीषण जाम

बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के कारण अंबेडकर चौराहे से गांधी पार्क तक यातायात प्रभावित रहा। शहर में कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद व्यवस्था को सामान्य कराया।

‘महापुरुषों को नमन करने के लिए निकाली यात्रा’

पदयात्रा के बाद बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले महापुरुषों को याद और नमन करने के उद्देश्य से तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। उन्होंने देशवासियों से राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता की भावना मजबूत करने की अपील की।

मदरसों में हर घर तिरंगा अभियान पर दिया बयान

यूपी के मदरसों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के असर को लेकर सवाल पूछे जाने पर रेखा वर्मा ने कहा कि लोगों की मानसिकता सभी जानते हैं और इस पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है।

राहुल गांधी के छात्रों से संवाद पर भी बोलीं

राहुल गांधी के छात्रों से संवाद को लेकर रेखा वर्मा ने कहा कि युवाओं से संवाद होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार भी 2014 से लगातार युवाओं से संवाद कर रही है।

झारखंड पेपर लीक प्रदर्शन पर विपक्ष पर निशाना

झारखंड में पेपर लीक को लेकर चल रहे प्रदर्शन पर रेखा वर्मा ने कहा कि विरोध-प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी शासित राज्यों में ही मुद्दे उठाए जाते हैं।

टैग्स: #Independence Day 2026
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: