साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने आखिरकार अपनी प्रेग्नेंसी की खबरों की पुष्टि कर दी है। पिछले कई दिनों से उनके मां बनने की चर्चा हो रही थी और अब खुद एक्ट्रेस ने इस पर मुहर लगा दी है। सामंथा अपने पति और निर्देशक राज निदिमोरू के साथ अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाली हैं।
'मा इंटी बंगारम' की सक्सेस मीट में किया बड़ा खुलासा
बुधवार को हैदराबाद में अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'मा इंटी बंगारम' की सक्सेस मीट के दौरान सामंथा ने मीडिया से बातचीत की। इसी दौरान उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी की पुष्टि करते हुए बताया कि अब वह कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बनाएंगी।
'अब मुझे मैटरनिटी लीव लेनी होगी'
मीडिया से बातचीत में सामंथा ने कहा, "अपनी कंडीशन को देखते हुए 'मा इंटी बंगारम' के बाद मुझे थोड़ा ब्रेक लेना होगा। अब मुझे मैटरनिटी लीव लेनी होगी। इसके बाद मैं अपने फैन्स के लिए एक दमदार फिल्म के साथ वापसी करूंगी।" सामंथा के इस बयान के बाद फैंस ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाइयां देना शुरू कर दिया है।
डायरेक्टर बी.वी. नंदिनी रेड्डी ने भी की पुष्टि
फिल्म 'मा इंटी बंगारम' की निर्देशक बी.वी. नंदिनी रेड्डी ने भी हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में सामंथा की प्रेग्नेंसी की पुष्टि की थी। उन्होंने कहा, "सामंथा की प्रेग्नेंसी बिल्कुल सही समय पर हुई है, क्योंकि हमारी फिल्म 'मा इंटी बंगारम' को शानदार सफलता मिली है।"
दिसंबर 2025 में हुई थी शादी
सामंथा रुथ प्रभु और फिल्म निर्माता राज निदिमोरू ने 1 दिसंबर 2025 को कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र के लिंग भैरवी मंदिर में बेहद सादगी के साथ शादी की थी। अब शादी के कुछ महीनों बाद दोनों अपने पहले बच्चे का स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं।
फैंस को रहेगा कमबैक का इंतजार
प्रेग्नेंसी और मैटरनिटी ब्रेक की घोषणा के बाद अब सामंथा के प्रशंसकों को उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार रहेगा। एक्ट्रेस ने भरोसा दिलाया है कि ब्रेक के बाद वह एक दमदार फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी।