Google ने अपने AI फीचर Ask Maps के लिए कई नए अपडेट्स की घोषणा की है। कंपनी का कहना है कि यह Google Maps में पिछले एक दशक का सबसे बड़ा बदलाव है। नए अपडेट के बाद Ask Maps अब हिंदी में सवालों के जवाब देगा, रियल-टाइम पब्लिक ट्रांसपोर्ट की जानकारी उपलब्ध कराएगा और यूजर्स को अधिक पर्सनलाइज्ड सुझाव देगा।
अब हिंदी में पूछ सकेंगे सवाल
Google ने बताया कि Ask Maps में अब हिंदी भाषा का सपोर्ट जोड़ दिया गया है। यूजर्स अब प्राकृतिक भाषा (Natural Language) में हिंदी या अंग्रेजी में सवाल पूछकर जगहों की जानकारी, यात्रा से जुड़े सुझाव और अन्य रेकमेंडेशन प्राप्त कर सकेंगे।
Gmail से जुड़ेगा Maps, मिलेगा पर्सनलाइज्ड अनुभव
नए अपडेट के तहत यूजर्स अपने Gmail अकाउंट को Google Maps से लिंक कर सकेंगे। इससे होटल बुकिंग, फ्लाइट डिटेल्स और रेस्टोरेंट रिजर्वेशन जैसी जानकारी के आधार पर AI अधिक सटीक और व्यक्तिगत सुझाव देगा। हालांकि, यह फीचर डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगा और यूजर को इसे स्वयं ऑन करना होगा।
अब AI याद रखेगा पिछली बातचीत
Ask Maps में Conversation Memory फीचर भी जोड़ा गया है। यदि यूजर हिस्ट्री सेटिंग्स ऑन रखता है, तो AI पिछली बातचीत और सुझावों को याद रखेगा। इससे ट्रिप प्लानिंग को वहीं से आगे बढ़ाना आसान होगा, जहां पिछली बार छोड़ा गया था।
मिलेगी रियल-टाइम पब्लिक ट्रांसपोर्ट जानकारी
भारत में अब Ask Maps के जरिए बस, मेट्रो और ट्रेन की रियल-टाइम जानकारी भी मिलेगी। यूजर्स सीधे चैट इंटरफेस में शेड्यूल, देरी (Delay), रूट बदलाव और कनेक्टिंग ट्रांसपोर्ट की जानकारी देख सकेंगे।
भारत में शुरू हुआ रोलआउट
Google के अनुसार, हिंदी सपोर्ट, पर्सनल इंटेलिजेंस, कन्वर्सेशन मेमोरी और लाइव ट्रांसपोर्ट जैसे फीचर्स भारत सहित उन सभी देशों में रोलआउट किए जा रहे हैं, जहां Ask Maps उपलब्ध है। हालांकि, फूड ऑर्डरिंग, होटल डिस्कवरी और इवेंट रिकमेंडेशन जैसी कुछ एडवांस AI सुविधाएं फिलहाल केवल अमेरिका में उपलब्ध हैं।