जमुई: जिला प्रभारी मंत्री और पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने शुक्रवार देर रात करीब 10:30 बजे जमुई सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान SNCU में डॉक्टरों की अनुपस्थिति, बेड और स्ट्रेचर पर खून के धब्बे और सफाई व्यवस्था में लापरवाही सामने आई, जिस पर मंत्री ने सिविल सर्जन समेत स्वास्थ्य अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
SNCU में डॉक्टर नदारद, मंत्री ने जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान नवजात बच्चों के लिए बने स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में ड्यूटी पर डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। मंत्री ने कहा कि यूनिट में नवजातों की निगरानी के लिए अत्याधुनिक उपकरण मौजूद हैं, लेकिन उनकी देखरेख के लिए डॉक्टर का न होना गंभीर लापरवाही है।
ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मी भी डॉक्टरों की तैनाती और ड्यूटी टाइम को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। ड्यूटी रजिस्टर में संबंधित डॉक्टरों के हस्ताक्षर भी नहीं मिले। मंत्री ने अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची मांगी और कार्रवाई के निर्देश दिए।
बेड और स्ट्रेचर पर मिले खून के धब्बे
इमरजेंसी वार्ड की सफाई व्यवस्था देखकर भी मंत्री नाराज हो गए। निरीक्षण के दौरान बेड और स्ट्रेचर पर बिछी चादरों पर सूखे खून के धब्बे और गंदगी मिली। मदर वेटिंग रूम की स्थिति भी जर्जर और अव्यवस्थित पाई गई।
मंत्री ने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं, दवाओं और इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली।
CS को 24 घंटे में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम
व्यवस्था में खामियां मिलने पर प्रभारी मंत्री ने सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सिंह को फटकार लगाई। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को 24 घंटे के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
अवैध नर्सिंग होम की होगी सघन जांच
जिले में अवैध रूप से संचालित निजी नर्सिंग होम और क्लीनिकों की शिकायतों पर भी मंत्री ने गंभीर रुख अपनाया। उन्होंने डीएम को निर्देश दिया कि जिलेभर में निजी नर्सिंग होम और क्लीनिकों की जांच कराई जाए।
जांच के दौरान रजिस्ट्रेशन, डॉक्टरों की डिग्री, अग्निशमन व्यवस्था और बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन जैसे मानकों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संस्थानों को सील कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पोस्टमार्टम हाउस की बदहाली पर भी लिया संज्ञान
निरीक्षण के दौरान पोस्टमार्टम हाउस की बदहाली और शवों के पड़े रहने की शिकायत भी मंत्री के सामने आई। उन्होंने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
एक सप्ताह में बदलाव का मंत्री ने दिया भरोसा
प्रभारी मंत्री संजय सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि अगले एक सप्ताह में जमुई सदर अस्पताल की व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव दिखाई देना चाहिए।