कासिम बाजार थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हजरतगंज बड़ा के पास टीन की चादर लदा ई-रिक्शा सड़क के गड्ढे में जाने के बाद अनियंत्रित होकर बाइक सवारों पर पलट गया। हादसे में 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां घायल हो गईं।
गड्ढे में जाने के बाद अनियंत्रित हुआ ई-रिक्शा
जानकारी के मुताबिक, टीन की चादर लदा ई-रिक्शा हजरतगंज बड़ा के पास सड़क के गड्ढे में चला गया। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ई-रिक्शा बाइक सवारों के ऊपर पलट गया।
बाइक से बाजार जा रहा था 13 वर्षीय कारण
मृतक की पहचान मस्जिद के पास रहने वाले राज कुमार महतो के 13 वर्षीय बेटे कारण कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि कारण अपने दोस्त मिथुन की दो छोटी बेटियों के साथ बाइक से बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया।
टीन की चादरों के नीचे दबे बाइक सवार
ई-रिक्शा पलटने के बाद बाइक सवार तीनों लोग टीन की चादरों के नीचे दब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित किया
हादसे में कारण कुमार की गर्दन में गंभीर चोट आई और काफी खून बह गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों बच्चियों का इलाज जारी है।
ई-रिक्शा जब्त, चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है। वहीं, हादसे के बाद चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिवार में पसरा मातम
कारण कुमार सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है।