बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' इस महीने की शुरुआत में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर 'बंदर' और 'पेड्डी' जैसी फिल्मों से टक्कर मिलने के बावजूद फिल्म ने दर्शकों का ध्यान खींचा और अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रही। दर्शकों से मिले सकारात्मक रिस्पॉन्स के बाद अब इसकी ओटीटी रिलीज को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
किस OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी फिल्म?
आजकल अधिकांश फिल्मों के थिएटर रिलीज से पहले ही उनके डिजिटल स्ट्रीमिंग पार्टनर की जानकारी सामने आ जाती है। 'है जवानी तो इश्क होना है' के साथ भी ऐसा ही हुआ। फिल्म के डिजिटल राइट्स लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 ने खरीदे हैं। ऐसे में सिनेमाघरों का सफर पूरा करने के बाद यह फिल्म ZEE5 पर स्ट्रीम की जाएगी। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी इसकी ऑनलाइन रिलीज की आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया गया है।
कब तक OTT पर दस्तक दे सकती है फिल्म?
आमतौर पर हिंदी फिल्में थिएटर रिलीज के 40 से 60 दिनों के भीतर ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जाती हैं। 'है जवानी तो इश्क होना है' को रिलीज हुए अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ है, इसलिए इसकी डिजिटल रिलीज में अभी कुछ समय बाकी है। हालांकि, इंडस्ट्री में चल रही चर्चाओं के मुताबिक फिल्म तय समय से पहले भी ऑनलाइन स्ट्रीम हो सकती है। फिलहाल दर्शक इसकी आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा प्रदर्शन?
फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की बात करें तो रिलीज के 17 दिनों के भीतर 'है जवानी तो इश्क होना है' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म की कमाई 70 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है। फिल्म में वरुण धवन के साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। रोमांस और कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला है।