कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित कला भवन में जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में स्नातक मतदाताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान MLC प्रत्याशी रजनीश रंजन का समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
'स्नातकों के हक की आवाज सदन से सड़क तक उठाऊंगा'
मधेपुरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी इंजीनियर प्रणव प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रजनीश रंजन ने कहा कि अगर कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं का आशीर्वाद मिला और वे MLC चुने गए, तो स्नातकों के अधिकार और समस्याओं को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएंगे।
बेरोजगार युवाओं के लिए 5 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण का वादा
रजनीश रंजन ने अपने सात निश्चयों का जिक्र करते हुए कहा कि बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का वादा किया, ताकि शिक्षित युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें।
एक पाठ्यक्रम-एक वेतनमान की मांग
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। रजनीश रंजन ने 'एक पाठ्यक्रम-एक वेतनमान' लागू कराने और वित्त रहित शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को समाप्त करने की दिशा में काम करने की बात कही।
स्नातकों के लिए बीमा और कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा
MLC प्रत्याशी ने स्नातकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा और शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, संविदा कर्मियों तथा बेरोजगार स्नातकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की मांग को भी अपने प्रमुख एजेंडे में शामिल किया।
पुस्तकालय और ई-लाइब्रेरी पर जोर
उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ हेल्थ वेलनेस सेंटर की स्थापना की बात कही। इसके अलावा जिला मुख्यालय में सुसज्जित पुस्तकालय और अनुमंडल व प्रखंड स्तर पर पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी स्थापित कराने का मुद्दा भी उठाया।
बेरोजगार स्नातकों के लिए मासिक भत्ते का मुद्दा
रजनीश रंजन ने कहा कि बेरोजगार स्नातकों के लिए मासिक भत्ता लागू कराने की मांग भी उनके सातवें निश्चय में शामिल है। उनका कहना है कि शिक्षित युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
मतदाताओं ने रोजगार और पलायन पर पूछे सवाल
संवाद कार्यक्रम के दौरान स्नातक मतदाताओं ने रोजगार, पलायन और शिक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे। रजनीश रंजन ने सवालों का जवाब देते हुए कहा कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर पैदा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
नाटक शिक्षकों की बहाली का मुद्दा भी उठा
कार्यक्रम में गायक, समाजसेवी और पत्रकार सुनीत साना ने बिहार के विद्यालयों में नाटक शिक्षकों की बहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने नाटक की डिग्री रखने वाले बेरोजगार रंगकर्मियों को रोजगार देने की मांग की।
रजनीश रंजन ने कहा कि यदि वे MLC चुने जाते हैं, तो नाटक शिक्षकों की बहाली का मुद्दा विधान परिषद में गंभीरता से उठाया जाएगा और इसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बड़ी संख्या में स्नातक मतदाता रहे मौजूद
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचे टीम रजनीश के सदस्य, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्नातक मतदाता शामिल हुए। संवाद कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने रजनीश रंजन के पक्ष में अपना समर्थन जताया।