अगर आप Samsung का स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In (Indian Computer Emergency Response Team) ने Samsung डिवाइस में एक गंभीर सुरक्षा खामी (Security Vulnerability) को लेकर हाई-सीवियरिटी अलर्ट जारी किया है। इस खामी का फायदा उठाकर हैकर्स आपके फोन तक अनधिकृत पहुंच बना सकते हैं।
किन डिवाइस पर है सबसे ज्यादा खतरा?
CERT-In के मुताबिक, यह सुरक्षा खामी उन Samsung स्मार्टफोन और टैबलेट्स में पाई गई है जो Android 13, Android 14, Android 15 और Android 16 पर चल रहे हैं और जिन्हें जनवरी 2026 के Security Maintenance Release (SMR Jan-2026 Release 1) से पहले जारी किया गया था।
क्या है यह सिक्योरिटी खामी?
यह समस्या Samsung के Knox Security Framework के एक कंपोनेंट PROCA Driver में मौजूद बग की वजह से सामने आई है। Samsung Knox एक इन-बिल्ट सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म है, जो गैलेक्सी स्मार्टफोन और टैबलेट में मौजूद डेटा, ऐप्स और डिवाइस को साइबर हमलों से सुरक्षित रखने का काम करता है।
हैकर्स कैसे उठा सकते हैं फायदा?
CERT-In की रिपोर्ट के अनुसार, अगर इस खामी का फायदा उठाया गया तो साइबर अपराधी डिवाइस पर मैलिशियस कोड चला सकते हैं, सिक्योरिटी सिस्टम को बायपास कर सकते हैं और फोन का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर सकते हैं। इससे हैकर्स फोन का कंट्रोल अपने हाथ में लेकर आपकी निजी जानकारी तक पहुंच सकते हैं।
सरकार ने क्यों जारी किया हाई-सीवियरिटी अलर्ट?
सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी ने इस खामी को 'High Severity' श्रेणी में रखा है। एजेंसी का कहना है कि इससे डिवाइस की सुरक्षा से समझौता हो सकता है, डेटा चोरी हो सकता है और फोन के साथ छेड़छाड़ की आशंका बढ़ जाती है।
क्या करें Samsung यूजर्स?
हालांकि इस खामी का फायदा उठाने के लिए हैकर्स को डिवाइस तक लोकल एक्सेस की जरूरत होती है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से सभी यूजर्स को तुरंत अपना फोन अपडेट करने की सलाह दी गई है।
फोन अपडेट करने के लिए ये स्टेप्स अपनाएं:
Settings → Software Update → Download and Install
अगर नया सिक्योरिटी अपडेट उपलब्ध है, तो उसे तुरंत इंस्टॉल कर लें।
Samsung ने क्या कहा?
फिलहाल Samsung की ओर से यह जानकारी साझा नहीं की गई है कि दुनियाभर में या भारत में कितने डिवाइस इस खामी से प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट इंस्टॉल करना ही इस खतरे से बचने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है।