बॉलीवुड के कुछ ऐसे सुपरस्टार्स हैं जिनके डेब्यू ने उनकी किस्मत रातोंरात बदल दी। कई सितारों की पहली फिल्म ही उनके करियर का टर्निंग पॉइंट बनी, लेकिन कुछ सुपरहिट डेब्यू के बाद भी गायब हो गए। शाहरुख खान, आमिर खान और अक्षय कुमार जैसे सितारों की नई पीढ़ी के लिए 90s का टायम खास था। इसी समय में एक अभिनेता ने शाहरुख की डेब्यू फिल्म 'दीवाना' का ऑफर ठुकरा दिया था। यही फैसला आगे चलकर उनके करियर की सबसे बड़ी गलती बन गया, क्योंकि फिल्म पर्दे पर आते ही शाहरुख की पहचान घर-घर तक पहुंच गई।
कौन था वो एक्टर?
शाहरुख खान 'दीवाना' के लिए मेकर्स की पहली पसंद नहीं थे। किंग खान से पहले यह फिल्म एक्टर और 'बिग बॉस 7' फेम अरमान कोहली को मिली थी। उनके पिता और फिल्ममेकर राजकुमार कोहली चाहते थे कि उनकी फिल्म 'विरोधी' पहले सिनेमाघरों में आए। इसी कारण से अरमान ने 'दीवाना' ठुकरा दी और यह रोल शाहरुख खान को मिल गया। ‘दीवाना’ की शानदार सफलता ने शाहरुख को रातोंरात बॉलीवुड में एक नई पहचान दिला दी।
फिल्मों में कैसा रहा अरमान कोहली का सफर?
अरमान कोहली फिल्ममेकर राजकुमार कोहली और एक्ट्रेस निशि के बेटे हैं। उन्होंने 1982 की 'बदले की अग्नि' और 1984 में आई 'राज तिलक' में बतौर बाल कलाकार काम किया। इसके बाद 1992 में पिता की फिल्म 'विरोधी' से लीड एक्टर के तौर पर डेब्यू किया। अरमान कोहली 'दुश्मन जमाना', 'अनाम' और 'औलाद के दुश्मन' जैसी फिल्मों में भी नजर आए, लेकिन उनकी ज्यादातर फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाईं।
अरमान को 'दीवाना' छोड़ने का दुख नहीं
साल 2015 में अरमान कोहली ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें 'दीवाना' छोड़ने का कोई अफसोस नहीं है। उनका मानना था कि पुरानी बातों पर पछताने से जिंदगी मुश्किल हो जाती है। उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने फिल्म छोड़ी तो शाहरुख खान को मिली और आज वह देश के सुपरस्टार और किंग खान हैं, जिससे उन्हें कोई शिकायत नहीं है।
'दीवाना' ने शाहरुख खान को बनाया सुपरस्टार
साल 1992 में रिलीज हुई 'दीवाना' ब्लॉकबस्टर साबित हुई और इसी फिल्म में लीड एक्टर के रूप शाहरुख खान ने बॉलीवुड में डेब्यू किया। फिल्म में उनके साथ ऋषि कपूर, अमरीश पुरी और दिव्या भारती जैसे कलाकार नजर आए। फिल्म के साथ-साथ इसके गाने भी जबरदस्त हिट रहे, जिन्हें आज तक पसंद किया जाता है।
शाहरुख ने अरमान कोहली को दिया स्टार बनने का क्रेडिट
2016 में 'यारों की बारात' शो में शाहरुख खान ने भी कहा था कि अरमान कोहली की वजह से उनका करियर बना। उन्होंने अरमान को धन्यवाद देते हुए कहा था कि उनके 'दीवाना' छोड़ने की वजह से ही वह स्टार बन पाए।