बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड के एक मध्य विधालय से बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां दो सरकारी शिक्षकों पर करीब 12 नाबालिक छात्राओं के साथ दुष्कर्म करने, उसका वीडियो बनाने और बाद में ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। आरोप है कि यह सब कई महीनों से चल रहा था। मामला तब सामने आया, जब छात्राओं से जुड़े अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश पैदा हो गया। 29 अगस्त को ग्रामीण स्कूल पहुंचे और एक शिक्षक से पूछताछ की। इसी दौरान दूसरे शिक्षक का मोबाइल भी चेक किया गया, जिसमें कथित तौर पर कई आपत्तिजनक वीडियो मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों शिक्षकों के साथ मारपीट की। हालांकि, दोनों वहां से भाग निकले।  

पुलिस ने शुरू की जांच और छापेमारी 

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपित शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शिक्षा विभाग ने भी दोनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है। जिला शिक्षा विभाग ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र से सम्बुद्ध किया गया है।  

स्कूल के बाहर घटनाओं का आरोप 

प्राथमिक जांच में आरोप लगाया गया है कि दोनों शिक्षक छात्राओं को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद स्कूल परिसर से बाहर ले जाकर उनके साथ गलत हरकत करते और कथित तौर पर वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि छात्राओं पर अपनी सहेलियों को भी साथ लाने का दबाव बनाया जाता था। मामले को लेकर इलाके के अभिभावकों और ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। पुलिस वायरल वीडियो, परिजनों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर जांच कर रही है। नाबालिकों से जुड़े मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।  

आरोपी का ऑडियो भी हो रहा वायरल 

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी शिक्षक डुमरांव के आसपास के गावों के रहने वाले हैं और रोज गांव से स्कूल आते-जाते थे। आरोप है कि उन्होंने किराए के मकान या होटल में इन घटनाओं को अंजाम दिया। इसी बीच एक शिक्षक का कथित ऑडियो भी वायरल हो रहा है। ऑडियो में उसकी आवाज सुनकर ऐसा लग रहा है जैसे वो नशे में हो। वह कई लड़कियों से संबंध होने की बात कहता सुनाई दे रहा है। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।