नेपाल में बाढ़ से आई तबाही ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है। कई घर ढह गए और कई परिवार इस प्रलय में बर्बाद हो गए। ना जाने कितने लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और कुछ लोगों का तो अभी तक पता भी नहीं चल पाया है कि वो जिंदा भी हैं या नहीं। नेपाल पर टूटे इस कहर को देख हर किसी का दिल बैठ गया है। सोशल मीडिया पर लगातार दिल दहला देने वाले वीडियो सामने आ रहे हैं। इसी बीच अब नेपाल के बुरे वक्त में उसका साथ देने बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद वहां पहुंचे हैं।
सोनू सूद ने किया नेपाल दौरा
सोनू सूद एक बार फिर लोगों के लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं। एक्टर ने फ्लैश फ्लड से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से एक, त्रिशूली बाजार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोकल लोगों से बात की और वो भी तबाही का ये मंजर देखकर हैरान हो गए। एक्टर ने लोगों से बात कर उनका दुख भी बांटा। आपको बता दें, सोनू सूद नेपाल खाली हाथ नहीं पहुंचे, बलि वो अपने साथ वो सारा सामान लेकर गए थे जिससे लोग की कुछ मदद हो सके। एक्टर की सूद चैरिटी फाउंडेशन की टीम जरूरत की चीजों को नेपाल पहुंचाने में मदद कर रही है। एक्टर और उनकी टीम कोशिश कर रही है कि नेपाल में बाढ़ से प्रभावित हुए लोगों की मदद कर उन्हें दोबारा बसाया जा सके।
क्या है सोनू सूद का नेपाल जाने का मकसद?
सोनू सूद तो अपनी तरफ से सब कुछ करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने बाकी लोगों से भी आगे आकर मदद करने की गुजारिश की है। उन्होंने लोगों को याद दिलाया है कि नेपाल कि मदद करना सभी का फर्ज है। पहले सोनू सूद ने नेपाल जाने का कारण बताते हुए कहा, 'हम यहां सभी फ्लड विक्टिम्स से मिलने आए हैं। हम इंडिया से उनके लिए ढेर सारा सामान लेकर आए हैं और हम बस उन लोगों का साथ देना चाहते हैं जिन्हें हमारी जरूरत है। हम उनकी जिंदगी दोबारा बनाने की कोशिश करेंगे।'
लोगों को याद दिलाई उनकी ड्यूटी
सोनू सूद ने आगे लोगों को याद दिलाया कि इन लोगों की मदद करना सभी की जिम्मेदारी है। एक्टर ने कहा कि वो अपने साथ कंबल और खाना लाए हैं और उन लोगों से पूछकर जो उन्हें चाहिए होगा वो इंडिया से भेजने की कोशिश करेंगे। साथ ही ये भी आश्वासन दिया कि ना सिर्फ इस महीने बल्कि आगे भी मदद करना जारी रखेंगे, ताकि लोग एक बार फिर अपनी जिंदगी शुरू कर सकें और अपने घर बना सकें।